हिमाचल प्रदेश के उच्च और हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी ‘जनसंख्या गणना’ का कार्य समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक चले इस अभियान के तहत मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल माध्यम से डेटा जुटाया गया, जिसके बाद 1 से 5 अक्टूबर 2026 के बीच पुनरीक्षण का कार्य भी पूरा कर लिया गया। इस चरण में 40 आधिकारिक प्रश्नों के आधार पर राज्य के दुर्गम बर्फीले इलाकों में रह रहे लोगों की जनसांख्यिकी, आर्थिक स्थिति, साक्षरता, प्रवासन और प्रजनन से जुड़े अहम आंकड़े जुटाए गए।
विषम भौगोलिक परिस्थितियों, कठिन रास्तों और खराब मौसम के बावजूद इस राष्ट्रीय महाअभियान को तय समय में पूरा करना हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस जटिल कार्य को सुगम बनाने में राज्य के मुख्य सचिव, सचिव (सामान्य प्रशासन) सह-राज्य जनगणना नोडल अधिकारी और जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश की निदेशक के मार्गदर्शन का विशेष योगदान रहा। साथ ही हिमाच्छादित जिलों के उपायुक्तों, नगर आयुक्तों और चार्ज अधिकारियों की बेहतर रणनीति और प्रशासनिक प्रबंधन से यह कार्य समय पर संपन्न हुआ।
इस महाअभियान की वास्तविक सफलता का श्रेय धरातल पर डटे प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को जाता है, जिन्होंने दुर्गम इलाकों में घर-घर जाकर अपनी निष्ठा और कड़ी मेहनत से सटीक आंकड़े एकत्र किए। जनगणना कार्य निदेशालय, हिमाचल प्रदेश ने हिमाच्छादित क्षेत्रों के सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया है, जिनके पूर्ण सहयोग और सही जानकारी के बल पर यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सका।


