पहाड़ों की रानी शिमला में दिवाली का जश्न इस बार सुरक्षा के कड़े घेरे में मनेगा। जिला प्रशासन ने त्यौहार के दौरान हादसों और आगजनी से बचाव के लिए नगर निगम क्षेत्र में पटाखों की बिक्री, भंडारण और आतिशबाजी के लिए 14 सुरक्षित स्थान तय कर दिए हैं। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप द्वारा जारी किए गए ये कड़े आदेश 4 से 9 नवंबर तक पूरे शहर में पूरी मुस्तैदी के साथ लागू रहेंगे।
प्रशासन की इस पहल का मुख्य मकसद त्यौहार की खुशियों के बीच आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। दिवाली के मौके पर पटाखों की भारी बिक्री और परिवहन के कारण शहर की तंग गलियों में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसी जोखिम को टालने के लिए शहर के प्रमुख हिस्सों—जैसे आइस स्केटिंग रिंक, संजौली का पुराना SPM ग्राउंड, समरहिल HPU ग्राउंड, कसुम्पटी, टूटू, बालूगंज और संकटमोचन मंदिर की पार्किंग—समेत कुल 14 खुले मैदानों को पटाखों का सेंटर पॉइंट बनाया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अग्निशमन विभाग को खास ज़िम्मेदारियां दी गई हैं। इन 14 चिन्हित जगहों पर स्टॉल लगाने की निशानदेही के साथ-साथ वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर लोकेशन पर फायर ब्रिगेड के साथ रेत और पानी से भरे बैग तैनात रहेंगे। पूरी व्यवस्था की निगरानी और आदेशों का पालन कराने का जिम्मा शिमला पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया है।
Celebrating Excellence as CPU Hamirpur Hosts Grand 12th Convocation


