शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत सारी में नव निर्मित पंचायत भवन तथा मघारा में सामुदायिक केंद्र का लोकार्पण किया। लगभग 33 लाख की लागत से बने इस सामुदायिक केंद्र का कार्य 15 वर्षों से लंबित था, जिसे अब प्रदेश सरकार के सहयोग से पूर्ण किया गया। इसके अतिरिक्त, ₹50 लाख की लागत से बने सारी पंचायत भवन का भी लोकार्पण किया गया।
20 नए सामुदायिक केंद्रों को मंज़ूरी
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र के लिए 20 सामुदायिक केंद्रों को मंज़ूरी दी गई है, जिनमें से कई का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सभी भवन मघारा केंद्र की तर्ज पर तैयार किए जाएंगे ताकि महिला मंडल, युवक मंडल और अन्य सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
बुनियादी सुविधाओं को मिलेगा बल
क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर दिया जा रहा है। पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना का कार्य ₹38 करोड़ की लागत से सितंबर तक पूर्ण होगा, जिससे 28 पंचायतों को लाभ होगा। ₹3.22 करोड़ की सिंचाई योजना भी किसानों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
सड़क और शिक्षा क्षेत्र में भी प्रगति
खड़ापत्थर-पटसारी सड़क का स्तरोन्नयन कार्य ₹18 करोड़ की लागत से चल रहा है। क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ की सड़क परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। शिक्षा मंत्री ने बताया कि सारी में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का नया भवन ₹2.33 करोड़ की लागत से बन रहा है।
स्थानीय समस्याओं पर संज्ञान
इस दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने पंचायतवासियों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं, जिनमें खेल मैदान, हाई मास्क लाइट, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आधारभूत सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर समाधान का आश्वासन दिया।
विशिष्ट लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुगटा, पंचायत प्रधान अनु रांटा, निदेशक हिमफैड भीम सिंह झोटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिस्टा, बीडीसी उपाध्यक्ष यशवंत जस्टा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।