स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वनों के संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से कुल्लू वन मंडल के पीज क्षेत्र में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। जाइका वानिकी परियोजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में शुक्रवार को पांच हेक्टेयर भूमि पर देवदार के सैकड़ों पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोग्राम मैनेजर डॉ. कौशल्या कपूर की अगुवाई में हुआ।
इस अभियान में ग्राम वन विकास समिति पीज, स्वयं सहायता समूह ‘जगजननी’ और ‘वैष्णों पीज’ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही, राजीव गांधी वन संवर्द्धन योजना से जुड़ी महिलाओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम योगदान दिया।
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान एफटीयू को-ऑर्डिनेटर कुल्लू प्रेमला ठाकुर और भुट्टी के को-ऑर्डिनेटर शशि भूषण सहित महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और हरित क्रांति को आगे बढ़ाने की शपथ ली।



