शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने देहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनौर के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी की हत्या की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए सबसे सुरक्षित स्थान होना चाहिए।
मंत्री ने बताया कि इस मामले का आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग को राज्य के सभी विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था की तुरंत समीक्षा और उसे मजबूत बनाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों और मिड-डे मील वर्करों सहित सभी सहायक कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और भविष्य में ऐसी घटना न हो।
शिक्षा मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त कीं और कहा कि शिक्षा विभाग परिवार के साथ खड़ा है तथा हर संभव सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



