राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश ने 51 शहरी स्थानीय निकायों के सामान्य चुनाव को लेकर जारी अधिसूचना के तहत नामांकन प्रक्रिया की स्थिति साझा की है।
आयोग के अनुसार, निर्धारित कार्यक्रम के तहत 4 मई, 2026 को नामांकन पत्रों की जांच की गई, जो कुछ निकायों में 5 मई को भी जारी रही। नाम वापसी के तुरंत बाद 6 मई, 2026 को दोपहर 3 बजे के पश्चात उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई, 2026 को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक ईवीएम के माध्यम से संपन्न होगा।
आयोग ने बताया कि कुल 1426 नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 32 अस्वीकृत किए गए जबकि 1394 नामांकन वैध पाए गए। कुछ वार्डों में एक-एक ही नामांकन प्राप्त हुआ है, जिनमें जिला कुल्लू की नगर पंचायत बंजार (वार्ड 6), मंडी की रिवालसर (वार्ड 1) और करसोग (वार्ड 1), शिमला की नेरवा (वार्ड 2 व 6) तथा चिढ़गांव (वार्ड 2) शामिल हैं। वहीं, करसोग नगर पंचायत के वार्ड 7 में कोई नामांकन दर्ज नहीं हुआ है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा में सर्वाधिक 268, मंडी में 205, शिमला में 167, सोलन में 155, ऊना में 136, चंबा में 113, बिलासपुर में 93, सिरमौर में 89, कुल्लू में 115 और हमीरपुर में 53 नामांकन स्वीकृत किए गए हैं।
आयोग ने यह भी बताया कि नगर परिषद रोहड़ू और नगर पंचायत नारकंडा में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन क्रमशः 4 और 0 नामांकन पत्र दाखिल हुए। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी शहरी निकायों में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।



