स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘दीपकमल’ में ध्वजारोहण के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राष्ट्रीय महत्व के पवित्र मंच का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक भड़ास निकालने और व्यक्तिगत प्रचार के लिए कर रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर पर बच्चों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके कठिन संघर्षों से प्रेरणा देने के बजाय शिक्षण संस्थानों में मुख्यमंत्री की छवि चमकाने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कर्मचारियों की अनदेखी और बढ़ती आर्थिक समस्याएँ जयराम ठाकुर ने कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर भी प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों की वाजिब मांगों को पूरी तरह अनसुना कर दिया गया। राज्य की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर अनाथों और विधवाओं के नाम पर पेट्रोल-डीजल पर सेस लगाया जा रहा है, जिससे पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण हर वस्तु महंगी हो रही है और गरीब जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। एचआरटीसी कर्मियों और कर्मचारियों के लगातार हो रहे उग्र विरोध प्रदर्शनों से यह साफ है कि सरकार अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है और उसके चुनावी वादे व बजटीय घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि और विकास का स्मरण दूसरी ओर, रविवार सुबह शिमला के रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर जयराम ठाकुर ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अटल जी के हिमाचल के प्रति विशेष लगाव और उनके विज़न को याद करते हुए कहा कि वे हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते थे। अटल टनल का सपना देखने वाले अटल जी के कार्यकाल में शुरू हुई PMGSY योजना की बदौलत ही आज प्रदेश की लगभग 55 प्रतिशत सड़कों का निर्माण संभव हो सका है, जिसका लाभ पूरे राज्य को मिला।
Little Patriots, Big Pride: School Celebrates Independence Day



