हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के तियूणी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया। अवसर था पूर्व वरिष्ठ नेता स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान की 100वीं जन्म जयंती का, जहाँ उन्होंने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जनसेवा के कार्यों को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान को एक कद्दावर और समर्पित जननेता बताया। उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर और चकराता विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास में उनका योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है। क्षेत्र को ‘जनजातीय क्षेत्र’ का दर्जा दिलाने के लिए उनके प्रयासों की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि इसी ऐतिहासिक निर्णय के कारण आज क्षेत्र के लोगों को प्रगति और विकास के नए अवसर मिल पा रहे हैं।
इस दौरान रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ठाकुर राम लाल के योगदान का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि दोनों ही दिग्गज नेताओं ने विषम परिस्थितियों और कठिन भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद लगातार आठ बार अपनी-अपनी विधानसभाओं का नेतृत्व कर इतिहास रचा।
अपने संबोधन में उन्होंने जुब्बल-कोटखाई और जौनसार-बावर के गहरे सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्र महासू देवता के प्रति अटूट आस्था से आपस में मजबूती से बंधे हुए हैं।
इसके अलावा, शिक्षा मंत्री ने स्वर्गीय चौहान के पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह चौहान की जनसेवा की सराहना करते हुए उनके साथ अपने मधुर पारिवारिक संबंधों का उल्लेख किया और उत्तराखंड की राजनीति में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिमला में LIC दे रहा रोजगार का अवसर और 100 पदों पर होगी सीधी भर्ती


