रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के तहत आयोजित नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह और कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सूबे में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केवल अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त हैं। भारी-भरकम कर्ज के चलते प्रदेश पर ऋण का बोझ बढ़कर 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने तंज कसा कि विकास कार्यों पर रोक लगाकर और जनहितकारी संस्थानों को बंद कर सुक्खू सरकार अब ‘लोकप्रिय’ की जगह ‘लॉकप्रिय’ और ‘लोनप्रिय’ बन चुकी है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुप्रबंधन ने हिमाचल को विकास के मामले में चार दशक पीछे धकेल दिया है। पंचायत चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने के बावजूद कांग्रेस अपने जनप्रतिनिधियों को जिताने में नाकाम रही, जिससे जनता का मोहभंग साफ झलकता है। रोहड़ू का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस नेता के नाम पर कांग्रेस यहाँ राजनीति करती आई थी, आज वर्तमान लीडरशिप उनका नाम लेने से भी कतरा रही है।
केंद्र की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज हिमाचल को एक बार फिर ‘डबल इंजन सरकार’ की सख्त जरूरत है। प्रदेश में जो भी बड़े विकास कार्य हो रहे हैं, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई योजनाओं और बजट से ही संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि केंद्र से मिलने वाले धन को जनहित या आपदा राहत में खर्च करने के बजाय मित्रों की सरकार चलाने में इस्तेमाल किया जा रहा है। जनमंच, हिमकेयर और सहारा जैसी लोकप्रिय योजनाओं को राजनीतिक द्वेष के चलते बंद कर दिया गया है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले समय में रोहड़ू सहित पूरे प्रदेश में भाजपा भारी बहुमत से वापसी करेगी।
Governor Honors Top Achievers and Advocates Eco Preservation


