राष्ट्रीय संकल्प दिवस (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि) और राष्ट्रीय एकता दिवस (सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती) के उपलक्ष्य में शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आज उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अधिकारियों को समयबद्ध और सुचारू व्यवस्थाओं के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और दोनों महान विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं संकल्प की शपथ दिलाई जाएगी, जबकि देशभक्ति के तराने और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस अवसर को और भी खास बनाएंगी।


