रामपुर के चहुंमुखी विकास और युवा शक्ति को खेलकूद के जरिए सही दिशा देने का संकल्प लेते हुए, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज रामपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जगुनी में विभिन्न विकास कार्यों और सड़कों का जायजा लिया तथा रामपुर के ऐतिहासिक लवी मैदान में स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित बुशहर प्रीमियर लीग और अखिल भारतीय आमंत्रित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि रामपुर के समग्र विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में और तेजी लाई जाएगी तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को बेहद भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने आगामी तीन-चार दिनों में रामपुर के विभिन्न इलाकों का खुद दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का ऐलान किया।
सड़क सुरक्षा और बेहतर परिवहन व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं और लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता दे रहा है। रामपुर में बेहतर बस सेवाओं और नए रूटों की मांग पर उन्होंने उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से चर्चा की है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।
नशे के काले कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने जनता से इसके खिलाफ सामूहिक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। शोघी के समीप पकड़ी गई चिट्टे की बड़ी खेप का हवाला देते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि इस अवैध धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण नहीं बख्शा जाएगा और रामपुर-ननखड़ी क्षेत्र को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाएगा।
खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने अपनी संस्था बुशहर स्वास्तिक फाउंडेशन की ओर से दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इस रोमांचक बुशहर प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में गोल्डन स्पैरो ननखड़ी ने कंचन वैली सुंगरी बहाली को हराकर खिताब अपने नाम किया, जहाँ विजेता टीम को 6 लाख और उप-विजेता टीम को 3 लाख रुपये की इनामी राशि से सम्मानित किया गया। दौरे के दौरान मंत्री ने हाल ही में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले श्याम लाल और वंश के शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदनाएं भी प्रकट कीं।
Governor Hails Central Schemes for Transforming Healthcare Access


