बड़ौदा रियासत और तत्कालीन सिक्के

Date:

Share post:

डॉ. कमल के. प्यासा – जीरकपुर, मोहाली

बड़ौदा मराठा साम्राज्य के अंतर्गत एक राज्य था, जो कि बाद में गुजरात की रियासत बन गई। 1705 ईस्वी में मराठों द्वारा गुजरात पर आक्रमण होने शुरू हो गए थे, फिर 1712 ईस्वी में इन्हीं मराठों द्वारा अपने नेता खांडेराव दाभाड़े व उसके अधीन दामाजी गायकवाड़ ने इधर आक्रमण करके अपनी धाक जमा ली और 1721 ईस्वी को बड़ौदा रियासत की स्थापना कर दी। इसके पश्चात 1726 ईस्वी में पिलाजीराव गायकवाड़ ने सोनगढ़ पर अधिकार कर लिया और पुत्र दामाजीराव द्वितीय ने 1734 ईस्वी में मुगलों को हराकर बड़ौदा को अपनी राजधानी बना दिया। 1752 ईस्वी में पेशवाओं व गायकवाड़ों के मध्य आपसी संधि हो जाने से बड़ौदा एक स्वतंत्र मराठा राज्य बन गया। 1802 ईस्वी में मराठों की अंग्रेजों के साथ संधि हो जाने से ब्रिटिश रेजीडेंसी की स्थापना हो गई व बाहरी हस्तक्षेपों से राज्य सुरक्षित होकर स्वायत्त रियासत बन गई।

बड़ौदा रियासत में महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ (ईस्वी 1875-1939) के समय भारी कार्य किए गए, जिनमें लड़के व लड़कियों के लिए अनिवार्य व मुफ्त शिक्षा का प्रावधान, बाल विवाह पर प्रतिबंध, विधवा विवाह का प्रचार व छुआछूत का निवारण करके कई प्रकार की रूढ़ियों का विरोध किया गया। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात, 1 मई 1949 को बड़ौदा रियासत भी भारत गणराज्य में विलय हो गई।

बड़ौदा रियासत गायकवाड़ के सिक्के :

बड़ौदा रियासत के सिक्कों की पहचान सिक्कों पर बनाई घुमावदार तलवार व कटार को देखकर हो जाती है। सिक्कों पर तलवार व कटार के चित्रण के पीछे महाराष्ट्र के पूर्व सम्राट दामाजीराव के तलवारबाजी में माहिर होने के कारण उन्हें “शमशेर बहादुर” की उपाधि से सम्मानित किया गया था, तभी से उनके मान-सम्मान में (सिक्कों पर) यह गायकवाड़ का चिह्न बन गया। इसके साथ ही सिक्कों पर शासक के नाम का प्रथम अक्षर देवनागरी में बना देखा जा सकता है, जो कि खांडेराव के लिए ‘ख’, मल्हारराव के लिए ‘म’ व सयाजीराव के लिए ‘स’ लिखा देखा जा सकता है। सिक्कों में पहले मानाजीराव (1789-1793 ईस्वी) के समय मुगल बादशाह शाह आलम द्वितीय का नाम फारसी लिपि में लिखा मिलता है। 1857 ईस्वी मुगलों के शासन के अंत के पश्चात फारसी लिपि में केवल “सेना खास शमशेर बहादुर” लिखा ही देखा जा सकता है। महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ (1875-1939 ईस्वी) के समय से सिक्के मशीन से ढाले जाने लगे थे, जिनमें एक ओर महाराज का चेहरा व दूसरी ओर देवनागरी में सिक्के का मूल्य अंकित होता था। बड़े व्यापारिक लेन-देन में सोने की मोहरें होती थीं, चांदी के सिक्कों में एक, 1/2, 1/4 व 1/8 रुपये का सिक्का चलता था। दैनिक व्यवहार में तांबे के एक पैसा, दो पैसा व आधा पैसा का चलन था। फारसी लिपि के सिक्कों पर हिजरी संवत व देवनागरी के सिक्कों पर विक्रमी संवत लिखा रहता था।

गायकवाड़ रियासत के प्राप्त सिक्के :

  1. तांबे का एक पैसा।

सिक्के की धातु = तांबा।

सिक्के का आकार = गोलाकार।

सिक्के का व्यास = 24.56 मि.मी.।

सिक्के की मोटाई = 1.90-1.95 मि.मी.।

सिक्के का भार = 6.68 ग्राम।

सिक्के का काल = 19वीं-20वीं शताब्दी (1875-1939 ईस्वी)।

सिक्के की लिपि = देवनागरी / हिंदी।

सिक्का संग्रहकर्ता = कमल के. प्यासा (निजी संग्रह), प्रूथी संग्रहालय, मंडी।

सिक्के का प्राप्ति स्थान = मंडी।

सिक्के का विवरण = गायकवाड़ रियासत के तांबे के एक पैसे वाले इस सिक्के के एक ओर मध्य में ऊपर की ओर देवनागरी में “सरकार” लिखा है, जिसके ठीक नीचे मध्य में घोड़े का खुर व नीचे तलवार बनी हुई है, इस सभी लेखन व चित्रण को बिंदुदार घेरे में दिखाया गया है। घेरे के बाहर की ओर ऊपर वृत्ताकार शैली से देवनागरी लिपि में दो गोल बिंदुओं के मध्य “श्री सयाजीराव म. गायकवाड़” लिखा है, ऐसे ही नीचे की ओर वृत्ताकार शैली से देवनागरी में महाराजा की उपाधियां इस प्रकार से लिखी हैं “सेना खास शमशेर बहादुर”। बाहर किनारों की ओर सुंदर बिंदुदार घेरा बना है। सिक्के के दूसरी ओर ठीक मध्य में बिंदुदार घेरे के अंदर सबसे ऊपर “संवत”, नीचे “एक पैसा” व पैसे के नीचे 1949 लिखा है। बाहर बिंदुदार घेरे को घेरे दूसरा सुंदर घेरा पत्ते व फूलों वाली बेल का बना है। अंतिम बिंदुदार घेरा सिक्के के किनारे की ओर बना है।

त्रावणकोर रियासत और तत्कालीन सिक्के

Sponsored

Daily News Bulletin

Nurturing Creativity – Keekli Charitable Trust, Shimla

Related articles

गुरुपर्व पर विशेष, महान दार्शनिक संत गुरु नानक देव जी

डॉ. कमल के. प्यासा - जीरकपुर, मोहाली "अवल अल्लाह नूर उपाइया कुदरत के सब बंदे। एक नूर से सब...

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा पहुंचे जयराम, प्रदेश की खुशहाली की अरदास की

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी एक बयान में प्रदेश की सुक्खू सरकार...

India’s Cultural Renaissance and Modern Progress Inspiring the World: Governor

Blending spiritual heritage with rapid modernisation is positioning India as a global inspiration, Governor Kavinder Gupta said while...

सनरॉक प्ले स्कूल गुम्मा में धूमधाम से मना गुरु पर्व, बच्चों ने सीखी समानता

सनरॉक प्ले स्कूल, गुम्मा (कोटखाई) में सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी का...