हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र जुब्बल में 80 लाख रुपये की लागत से बनी 3 किलोमीटर लंबी ‘चीवा कैंची से देवरा’ सड़क का लोकार्पण कर दिया है। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में यह 209वीं सड़क है, जिसका निर्माण और सफल पासिंग पूरी हुई है। आने वाले दौर में इस सड़क को मुख्य जुब्बल बाजार से जोड़ने की योजना है।
जनसभा को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि देवरा गांव के लोगों के लिए यह सड़क किसी सपने के पूरे होने जैसी है, क्योंकि रियासती दौर से ही इस मार्ग का इंतजार किया जा रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के समय इसका सर्वेक्षण हुआ था, लेकिन लंबे अंतराल के बाद अब यह बनकर तैयार हुई है। इससे देवरा के साथ-साथ क्यारी, नेहनार और गुंन्तु के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और सेब बागवानी के लिहाज से यह सड़क काफी मददगार साबित होगी।
शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में फिलहाल सड़क और भवन निर्माण से जुड़े करीब 850 करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं, जो अगले साल के अंत तक 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि एनएच-705 (ठियोग-हाटकोटी) और एनएच-707 (हाटकोटी-पावंटा) की मरम्मत के लिए 75 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है, जिससे इन मार्गों की स्थिति सुधरेगी। पहाड़ी इलाकों में सड़कों को विकास की जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने डॉ. यशवंत सिंह परमार, ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह के योगदान को भी याद किया।
रोहित ठाकुर ने जानकारी दी कि क्षेत्र में 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का काम जारी है, जिनमें से तीन शुरू किए जा चुके हैं। जल शक्ति विभाग के तहत 175 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिसमें 38.08 करोड़ रुपये की लागत से बनी 17 किलोमीटर लंबी पब्बर नदी उठाऊ पेयजल योजना भी शामिल है, जिससे करीब 23 पंचायतों को पानी मिल रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने डकैड़ में 20 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) का जिक्र किया, जहां भविष्य में प्रदेश और देशभर के शिक्षकों को प्रशिक्षण मिल सकेगा। वहीं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों को बढ़ावा देने की बात कहते हुए उन्होंने जुब्बल स्थित ‘स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स’ की उपलब्धि गिनाई। उन्होंने बताया कि 1987 में केवल वॉलीबॉल से शुरू हुए इस छात्रावास में आज आठ खेलों की ट्रेनिंग दी जा रही है और यहां की छात्राएं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं।
इससे पहले चिवा पुल के पास क्यारी के ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री का स्वागत कर सड़क के लिए आभार जताया। रोहित ठाकुर ने भी ग्रामीणों को बधाई दी और सड़क के लिए जमीन देने वाले मुकेश अपटा का विशेष धन्यवाद किया।
Playgrounds Over Pills as Himachal Sets Crores in Sports Prizes


