जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोआर्डिनेशन कमेटी (NCORD) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम, नशा विरोधी अभियानों की समीक्षा तथा पुलिस व प्रशासन के बीच समन्वय को और मजबूत करना था। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को नशा तस्करों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ नशे की लत में फंसे युवाओं के उपचार, परामर्श और पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने के स्पष्ट निर्देश दिए।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि नशा विरोधी प्रयास केवल औपचारिक जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इसके ठोस परिणाम धरातल पर दिखाई देने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि प्रत्येक विभाग और अधिकारी एक-एक युवा को नशे के दलदल से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सफल होता है, तो इससे बड़ा सामाजिक बदलाव संभव है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां निगरानी व्यवस्था को कड़ा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, शिमला प्रशासन ने बीते एक माह में अभियान चलाकर 54 बीघा भूमि पर की गई अवैध भांग की खेती को नष्ट किया है। इस वर्ष अब तक NDPS एक्ट के तहत कुल 263 मामले दर्ज कर 526 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें केवल सितंबर माह में ही 35 मामले दर्ज कर 45 लोगों को पकड़ा गया। इसके अलावा, तस्करों पर आर्थिक शिकंजा कसते हुए 68 आरोपियों की ₹12.52 करोड़ की संपत्ति सीज की गई है तथा 9 किलो 986 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
नशे की समस्या के कारणों को समझने और प्रभावी रोकथाम के लिए जिले की 15 पंचायतों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है। इन पंचायतों में पिछले तीन वर्षों के मामलों का विश्लेषणात्मक डेटा तैयार कर विशेष रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने पुलिस कार्रवाई का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि भांग उन्मूलन और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आई है। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को महीने में कम से कम दो बार औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
Landmark Research Clears Standardised Ashwagandha for Safe Daily Use


