लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शिमला ग्रामीण विधानसभा की तहसील सुन्नी का दौरा कर क्षेत्रवासियों को कुल 10.37 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सतलुज नदी पर थली नामक स्थान पर 9.53 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 145 मीटर लंबे स्टील सस्पेंशन ब्रिज का लोकार्पण किया। पिछली बरसात में क्षतिग्रस्त हुए इस पुल का पुनर्निर्माण कार्य पूरा कर इसे पुनः जनता को समर्पित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, मंत्री ने 84 लाख रुपये की लागत से बने लोक निर्माण विभाग के नए सरकारी आवासों का भी उद्घाटन किया।
विकास कार्यों के लोकार्पण के पश्चात मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्नी में एक महीने से चल रहे ‘शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ-2026’ के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का एक सशक्त मंच प्रदान कर रही हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर खेलों से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और यह महाकुंभ इसी सोच का परिणाम है।
इस बार के खेल महाकुंभ की सबसे बड़ी विशेषता महिलाओं की ऐतिहासिक भागीदारी रही। मंत्री ने बताया कि पहले यह आयोजन केवल क्रिकेट तक ही सीमित था, लेकिन महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए पहली बार इसमें कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसे खेलों को भी शामिल किया गया। करीब 10 हजार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के उत्साहपूर्ण जुड़ाव ने इस आयोजन को सफल बनाया। विक्रमादित्य सिंह ने आश्वस्त किया कि प्रतियोगिता से चुनी गई शीर्ष चार टीमों को आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता दिखाने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता दी जाएगी।
क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सरकार संकीर्ण मानसिकता के बजाय व्यापक दृष्टिकोण के साथ पूरे क्षेत्र के समग्र विकास में विश्वास रखती है। उन्होंने जानकारी दी कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। साथ ही, तपड़ी पुल के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से होने वाली समस्या के स्थायी समाधान के लिए भविष्य में एक बड़े पुल के निर्माण की योजना तैयार की जाएगी, जिससे मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर हो सकेगी।
Sukhu Cabinet’s Welfare Push: Women’s Aid, Free Power & Health Hiring


