कीकली रिपोर्टर, 2 मार्च, 2017, शिमला
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का राज्य स्तरीय समारोह ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश वीरभद्र सिंह करेंगे। यह जानकारी आज महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक मानसी सहाय ठाकुर ने समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि इस समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि समारोह का उद्घाटन कार्यक्रम ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित किया जाएगा। जिला के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों एवं विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी जनकल्याणकारी नीतियों को दर्शाती प्रदर्शनी का आयोजन रिज मैदान पर किया जाएगा। विभिन्न महिला संस्थाओं द्वारा खाद्य पदार्थों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इस दौरान खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश व जिलाभर की लगभग 1000 महिलाएं भाग लेंगी। इस अवसर पर विभाग के अतिरिक्त निदेशक दिलीप नेगी, उप निदेशक डॉ. ओंकार चंद, सीडीपीओ शहरी ममता पाल, सीडीपीओ मशोबरा साधना गोस्वामी व विभिन्न संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



