हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने आज नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स के समीप आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने देवदार का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश – विवेक सिंह ठाकुर (कार्यकारी अध्यक्ष, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण), अजय मोहन गोयल, संदीप शर्मा, सत्येन वैद्य, सुशील कुकरेजा, वीरेंद्र सिंह, रंजन शर्मा और राकेश कैंथला ने भी पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में न्यायाधीशों की धर्मपत्नियां भी उपस्थित रहीं।
वन विभाग द्वारा सभी विशिष्ट अतिथियों को पुष्प पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय और विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, बार काउंसिल और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस हरित पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा न्यायपालिका की सामाजिक सहभागिता को और मजबूत करना था।





