शहर में हाल ही में हुई भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन की टीम ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। रामचंद्रा चौक और कृष्णा नगर प्रमुख रूप से निरीक्षण के केंद्र रहे।
कृष्णा नगर में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए पांच परिवारों को सामुदायिक भवन में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया गया है। वहीं रामचंद्रा चौक में भी भूस्खलन की घटना का प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण टीम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम (शहरी) ओशीन शर्मा, और तहसीलदार अपूर्व शामिल थे।
एडीएम पंकज शर्मा ने बताया कि शहर के कई इलाकों में भूस्खलन, मलबा गिरने, और पेड़ों के गिरने से नुकसान हुआ है। बैनमोर वार्ड स्थित रामचंद्रा चौक पर एक बार फिर से बड़ा भूस्खलन हुआ है, जिससे कुछ बड़े पेड़ एक सरकारी भवन की छत पर जा गिरे। हालांकि, कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन आसपास के घरों को खतरा देखते हुए खाली करवा दिया गया है।
खतरनाक पेड़ों को हटाया जा रहा है और प्रभावित क्षेत्र में रेस्क्यू कार्य तेज़ी से चल रहा है। इसके अतिरिक्त, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में तिरपाल लगाने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर खाद्य और आवास की आवश्यक व्यवस्था की गई है।