शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज कोटखाई में स्थित मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के सभागार में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने संस्थान में चल रही गतिविधियों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय आनंद, डॉ. सुनीश चौहान तथा रोगी कल्याण समिति के सदस्य सचिव डॉ. अमर चंद ने समिति के वित्त वर्ष 2024-25 के बजट, आय एवं व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।
डॉ. अमर चंद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 24 लाख 77 हजार 013 रुपये तथा वर्ष 2025-26 के लिए 25 लाख 29 हजार 550 रुपये का बजट पारित किया गया है। इस बजट का उपयोग अस्पताल की सुविधाओं को सुदृढ़ करने और रोगियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा। बैठक में आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों और मशीनों की स्थिति सुधारने तथा उनकी संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान, कोटखाई क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित स्वास्थ्य केंद्र है, जहाँ विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को अत्यधिक लाभ हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोगी कल्याण समिति की धनराशि का उपयोग संतुलित और पारदर्शी ढंग से किया जाए।
रोहित ठाकुर ने अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन को नियमानुसार बढ़ाने और दंत विभाग के लिए लगभग 3 लाख रुपये की एक्स-रे मशीन की खरीद को मंजूरी दी। उन्होंने आगामी सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मरीजों की सुविधा हेतु हीटर, कंबल आदि की व्यवस्था करने तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रोगियों व उनके परिजनों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।



