हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोशल मीडिया के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द और लोक शांति को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युद्धवीर सिंह बैंस को (5 जून) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फेसबुक के माध्यम से एक विशेष समुदाय को निशाना बनाने और समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप है।
पुलिस थाना बालूगंज में प्राप्त एक शिकायत के अनुसार, युद्धवीर सिंह बैंस ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक विवादास्पद वीडियो प्रसारित किया था। इस वीडियो में विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच नफरत पैदा करने वाली बातें, एक विशेष समुदाय को लक्षित कर की गईं टिप्पणियां और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि इस वीडियो के व्यापक प्रसार से इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है और सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जब डिजिटल विश्लेषण और प्रारंभिक जांच की, तो पाया कि आरोपी अपने सोशल मीडिया हैंडल से लगातार इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करता रहता था। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस थाना वेस्ट (शिमला) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 353(2) के तहत एफआईआर संख्या 108/2026 दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आरोपी को कानूनी नोटिस भेजकर शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने पुलिस का अपेक्षित सहयोग नहीं किया। इसके विपरीत, आरोपी ने जांच प्रक्रिया में बाधा डालने और व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया। आरोपी के इस असहयोगपूर्ण रवैये को देखते हुए पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221 भी जोड़ दी और अंततः आज उसे विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी युद्धवीर सिंह बैंस का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पहले से ही कई संगीन मामले दर्ज हैं। इसमें थाना ऊना में दर्ज एफआईआर संख्या 02/2025 शामिल है, जो धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (धारा 420, 468, 471, 120-B IPC और PC Act की धारा 13) के तहत पंजीकृत है। इसके अतिरिक्त थाना ईस्ट शिमला में भी उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 248, 351 और 356(2) के तहत एफआईआर संख्या 48/2026 दर्ज है।
इस कार्रवाई के बाद जिला शिमला पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि सामाजिक सौहार्द, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया मंचों का दुरुपयोग कर समाज में नफरत फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



