जिला शिमला के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय शिमला की ओर से जून माह में दो कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी प्रवीन नगराईक ने बताया कि डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी द्वारा एसएमटी ट्रेनी के 70 पदों को भरने के लिए पहले स्थगित किया गया कैंपस इंटरव्यू अब 23 जून को सुबह 10:30 बजे उप रोजगार कार्यालय रामपुर बुशहर में आयोजित होगा। इसके अलावा मैरीगोल्ड सरोवर पोर्टिको शिमला में फ्रंट ऑफिस एसोसिएट और हाउसकीपिंग एसोसिएट के दो पदों के लिए 19 जून को सुबह 10 बजे उप रोजगार कार्यालय मशोबरा में साक्षात्कार लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एसएमटी ट्रेनी पदों के लिए पूर्व निर्धारित पात्रता एवं चयन मानदंड यथावत रहेंगे, जबकि होटल क्षेत्र से जुड़े पदों के लिए 12वीं, स्नातक अथवा होटल मैनेजमेंट योग्यता वाले 19 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और अद्यतन बायोडाटा के साथ निर्धारित स्थान पर उपस्थित होना होगा। रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। अधिकारियों ने पात्र युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
Air pollution detected in high-altitude Himalayas: new study



