14 अगस्त को राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, छोटा शिमला में आयोजित ‘जनगणना क्विज प्रतियोगिता’ के विजेताओं को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय (हिमाचल प्रदेश) की निदेशक दीप शिखा शर्मा ने पुरस्कृत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए दीप शिखा शर्मा ने जनगणना को राष्ट्र निर्माण, सटीक नीति-निर्धारण और समग्र विकास का सबसे प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि जागरूक लोकतंत्र की पहचान हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से होती है। उन्होंने सभी से जनगणना महा-अभियान में सहयोग का आह्वान करते हुए बताया कि हिमाच्छादित क्षेत्रों के निवासियों के लिए 17 से 31 अगस्त, 2026 तक ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) का विशेष विकल्प उपलब्ध रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या विद्या बांश्टू ने इस पहल की सराहना की और विद्यार्थियों को अपने परिवार व समाज को इस राष्ट्रीय अभियान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।



