ढल्ली स्थित ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल में 3 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं तथा भगवान कृष्ण के जीवन एवं उनके दिव्य संदेशों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्रों ने कृष्ण की बाल-लीलाओं, श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों और जन्माष्टमी के महत्व पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। राधा-कृष्ण की मनमोहक पोशाकों में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान भजन, नृत्य और नाटिकाओं का आयोजन हुआ, जिनमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। भक्ति गीतों और रंग-बिरंगी सजावट से पूरा परिसर ‘कृष्णमय’ हो उठा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य संतोष बंता ने सभी को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्म, प्रेम और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की सीख देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में ढालने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।


