जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, शिमला द्वारा शिमला जिले के विभिन्न निर्धारित क्षेत्रों में नई उचित मूल्य की दुकानें (Fair Price Shops) खोलने के लिए योग्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जारी सूचना के अनुसार, शिमला शहर के वार्ड नंबर-11 स्थित टूटीकंडी आईएसबीटी के समीप, जतोग कैंट तथा शिमला ग्रामीण की ग्राम पंचायत घनेवग नेहरा के अंतर्गत घरोग क्षेत्र में ये दुकानें आवंटित की जानी प्रस्तावित हैं।
जिला नियंत्रक नरेन्द्र कुमार धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक आवेदक केवल आधिकारिक वेबसाइट emerginghimachal.hp.gov.in पर जाकर आवश्यक सूचनाएं और दस्तावेज अपलोड करके अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर, 2026 तय की गई है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि इस पोर्टल के अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है, जबकि व्यक्तिगत आवेदकों की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदन के साथ 10वीं का प्रमाण पत्र, उच्च शिक्षा दस्तावेज (यदि कोई हो), वित्तीय स्थिति का ब्योरा, दुकान की उपलब्धता व भंडारण क्षमता संबंधी कागजात संलग्न करने होंगे। इसके अलावा पूर्व सैनिक, दिव्यांग, शिक्षित बेरोजगार या बीपीएल, एससी, एसटी व ओबीसी श्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कुछ विशेष शर्तें रखी गई हैं। यदि आवेदक उसी स्थान का स्थायी निवासी है जहाँ दुकान खोली जानी है, तो उसे पंचायत द्वारा जारी प्रमाण पत्र की अधिकृत अधिकारी से सत्यापित प्रति अपलोड करनी होगी। साथ ही, आवेदक और उसके परिवार के किसी सदस्य के एमपी, एमएलए या स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधि न होने का शपथ पत्र देना अनिवार्य है। आवश्यक दस्तावेजों के बिना प्राप्त आवेदनों को सीधे निरस्त कर दिया जाएगा और सही पाए गए आवेदनों के आधार पर ही मेरिट तैयार की जाएगी।
अधिक विवरण या औपचारिकताओं की जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय जाकर संपर्क कर सकते हैं या दूरभाष नंबर 0177-2657022 पर कॉल कर सकते हैं।
Financial Relief in October: Himachal Clears Pension Arrears Breakdown


