पेयजल संकट से राहत और शानदार सड़कें, शिमला ग्रामीण में चमकी तस्वीर

Date:

Share post:

शिमला ग्रामीण में विकास की बयार बह रही है। सुन्नी तहसील के दौरे पर पहुंचे लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दशहरा महोत्सव के मंच से क्षेत्र को सौगातों की झड़ी लगा दी। बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए उन्होंने 90 लाख रुपये की लागत से बने नगर पंचायत भवन का भव्य लोकार्पण किया और नगर पंचायत सुन्नी को 10 लाख रुपये व मेला समिति को 50 हजार रुपये का अनुदान देने का ऐलान किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के पिछले चार वर्षों में शिमला ग्रामीण में करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य धरातल पर उतारे गए हैं।

 सुन्नी शहर में लंबे समय से चली आ रही पानी की किल्लत अब इतिहास बनने जा रही है। शहरी विकास मंत्री ने बताया कि लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत वाली पेयजल योजना पूरी तरह तैयार है, जिसका लोकार्पण अगले कुछ ही दिनों में किया जाएगा। यह योजना आगामी 25 से 30 वर्षों तक शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करेगी। इसके अलावा, स्थानीय परिवहन व्यवस्था को मजबूती देते हुए सुन्नी बस स्टैंड को जल्द ही एचआरटीसी (HRTC) सब-डिपो के रूप में अपग्रेड किया जाएगा, जिसका शुभारंभ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। शिमला ग्रामीण के लिए स्वीकृत 30 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी सुन्नी डिपो से ही किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को शिमला पर निर्भर न रहना पड़े।

क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 400 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क निर्माण कार्य जारी हैं। सुन्नी से खैरा मार्ग पर 18-20 करोड़ रुपये का काम प्रगति पर है, वहीं सुन्नी से नूरी तक की सड़क को विश्व बैंक की मदद से 650 करोड़ रुपये की लागत से इंटरमीडिएट लेन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। यह मार्ग शिमला ग्रामीण के साथ-साथ रामपुर, कुमारसैन, आनी और किन्नौर तक कनेक्टिविटी का कायाकल्प करेगा। विक्रमादित्य सिंह ने सुन्नी-लूहरी-सलापड़ मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) घोषित कराने के लिए केंद्र सरकार से लगातार पैरवी करने की बात दोहराई। साथ ही, रामपुर में सड़क धंसने की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र से 127 करोड़ रुपये की स्वीकृति की भी जानकारी दी।

प्रदेश के समग्र विकास पर बात करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत हिमाचल को पहले ही 4,500 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। अब चौथे चरण के दूसरे फेज में करीब 1,600 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण के लिए 3,000 करोड़ रुपये की एक और बड़ी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान नगर समिति सुन्नी की अध्यक्षा सत्या वर्मा ने मंत्री को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में पहुंचकर अपना मेडिकल चेकअप भी करवाया।

Sponsored

Daily News Bulletin

Nurturing Creativity – Keekli Charitable Trust, Shimla

Related articles

विकास ठप और कानून व्यवस्था बदहाल, नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए...

Governor Gupta Opens Kullu Dussehra Emphasizing Tradition and Unity

The historic Dhalpur Ground in Kullu transformed into a vibrant sea of faith and color today as Governor...

Shimla Remembers Bravehearts with Solemn Parades and Tributes

Shimla’s Police Ground in Bharari echoed with solemn reverence today as the Himachal Pradesh Police observed Police Commemoration...

Himachal Government Prioritizes Rights of Visually Impaired

Health and Social Justice Minister Dr. (Col.) Dhani Ram Shandil held a crucial meeting with representatives from the...