जुब्बल-नावर-कोटखाई में आयोजित नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बागवानों को उनके उत्पाद के सही दाम देने की गारंटी देकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने राज्य के किसानों और बागवानों को पूरी तरह छला है। एमआईएस के तहत खरीदे गए सेब का भुगतान न होने से बागवान दर-दर भटक रहे हैं। सुक्खू सरकार पर विकास कार्य ठप करने, संस्थानों को बंद करने और कर्ज का बोझ 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का आरोप लगाते हुए जयराम ने कहा कि प्रदेश की जनता अब इस तालाबंदी वाली सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।
पंचायत चुनाव में शिमला जिले से मिले ऐतिहासिक जनादेश और भाजपा की 26 वर्षों बाद जिला परिषद में हुई जीत का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में शिमला से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। इसके साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल में 320 नई पीजी मेडिकल सीटें बढ़ाने और ₹415 करोड़ का अनुदान देने पर जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को सलाह दी कि वे केंद्र की योजनाओं का केवल श्रेय लेने की राजनीति करने के बजाय उनके सही क्रियान्वयन पर ध्यान दें ताकि बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं से जूझ रही जनता को राहत मिल सके।


