शिमला जिला में साहसिक पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए पर्यटन विभाग ने सतलुज नदी में रिवर राफ्टिंग के नए रूट का सफल परीक्षण किया है। 6 नवंबर, 2026 को आयोजित तकनीकी निरीक्षण के दौरान कुमारसैन क्षेत्र के सैंज के पास मायापुरी से लुहरी तक 4 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच को रिवर राफ्टिंग के लिए पूरी तरह उपयुक्त और सुरक्षित पाया गया।
अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी और जिला पर्यटन विकास अधिकारी (शिमला) जगदीश शर्मा की अगुवाई में गठित विशेषज्ञ समिति ने नदी के बहाव और सुरक्षा मानकों को परखने के बाद इस नए स्ट्रेच को हरी झंडी दी।
सतलुज नदी में अभी तक केवल चाबा से तत्तापानी के बीच राफ्टिंग होती थी। अब मायापुरी-लुहरी के रूप में नया वाटर स्पोर्ट्स स्पॉट मिलने से शिमला आने वाले पर्यटकों को रोमांच का नया विकल्प मिलेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा, स्थानीय होटल कारोबार को रफ्तार मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, इंस्ट्रक्टर व आतिथ्य सेवाओं के जरिए स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर पैदा होंगे।
शूराचली उत्सव-2026 संपन्न: शिक्षा मंत्री ने बढ़ाया युवाओं का हौसला


