हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सत्ता संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री हिमाचल की ऐतिहासिक विरासतों और सार्वजनिक संपत्तियों को ‘ऑन सेल’ मोड में ले आए हैं। शिमला से जारी एक कड़े बयान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने मित्रमंडल के हितों को साधने के लिए प्रदेश के व्यापक हितों की बलि दे रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ‘लोन प्रिय’ और ‘लॉक प्रिय’ बनने के बाद अब मुख्यमंत्री ‘हिमाचल ऑन सेल प्रिय’ बनने की राह पर हैं। ऐतिहासिक धरोहर पीटरहॉफ को बेचे जाने और पालमपुर विश्वविद्यालय की 112 हेक्टेयर जमीन को बेचने के प्रयासों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेशकीमती जमीनों और विरासतों को निजी हाथों में सौंपने की सनक सरकार पर सवार है।
जयराम ठाकुर ने हाल ही में वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता की भारी कमी रही और यह पहले से तय पटकथा की तरह था। उन्होंने आरोप लगाया कि लैंड सिलिंग एक्ट (धारा 118) में ढील देने के नाम पर बड़े-बड़े गिरोह सक्रिय हैं, जिनके तार सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और उनके करीबी मित्रमंडल से जुड़े हुए हैं।
मेडिकल डिवाइसेज पार्क और एचपीटीडीसी (HPTDC) के होटलों को लीज पर दिए जाने की आड़ में प्रॉपर्टी डीलिंग का खेल खेलने का आरोप लगाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पालमपुर यूनिवर्सिटी की जमीन से लेकर विभिन्न संपत्तियों को बचाने के लिए प्रदेश की सिविल सोसाइटी को सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि यदि सरकार नया विकास नहीं कर सकती, तो कम से कम हिमाचल की प्राचीन धरोहरों और सार्वजनिक संपत्तियों का सौदा करना तुरंत बंद करे।


