नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में जारी अपने बयान में सुक्खू सरकार और कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस मंत्रियों और नेताओं द्वारा चुनाव कार्यालय पर किए गए विरोध प्रदर्शन, अभद्रता और संपत्ति नुकसान को सरकार संरक्षित अराजकता करार दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे मंत्रियों द्वारा चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाना और कार्यालय जलाने की धमकी देना राज्य के लिए एक काला अध्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी नाकामियों को छिपाने और राहुल गांधी की रीलांचिंग के लिए इस प्रकार का उपद्रव कर रही है, जिसे प्रदेश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय एथलीटों और विशेषकर हिमाचल के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा, मैराथन में पदक जीतने वाले सावन बरवाल और स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा सहित प्रदेश की अन्य बेटियों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि खिलाड़ियों के लिए पूर्व में की गई सभी इनामी राशि की घोषणाओं को बिना किसी विलंब के जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर सुक्खू सरकार को घेरते हुए जयराम ठाकुर ने अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी और मशीनों की खरीदारी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एमआरआई मशीन का उद्घाटन सात महीने देरी से किया गया, जिससे गारंटी अवधि और रखरखाव का पैसा बेकार हुआ। इसके अलावा रेडियोलॉजी विभाग में नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति न होने के कारण आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित और डॉक्टर भर्ती के बजाय सिर्फ मशीनें खरीदने में दिलचस्पी दिखा रही है।


