मैं सिर्फ दवाई देता हूँ – कहानी

Date:

Share post:

रणजोध सिंह – नालागढ़

बड़े अस्पताल के डॉक्टरों ने मुझे साफ-साफ बता दिया था कि मेरे पिताजी को कैंसर है, जो अपनी अंतिम अवस्था में पहुंच गया है। साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके अस्पताल में जितने भी मौजूदा इलाज हैं, वे इतने कारगर नहीं हैं कि चौथी स्टेज पर पहुंचे मरीज को कोई खास फायदा हो सके। बेहतर है कि मैं उन्हें घर ले जाऊं और उनकी खूब सेवा करूँ। मैं उन्हें घर तो ले आया, मगर अत्यंत भारी मन से। घर आकर मित्रों ने सलाह दी कि एक बार पिताजी को साथ लगते शहर श्री आनंदपुर साहिब के मशहूर डॉक्टर कंग को दिखा लूँ तो बेहतर रहेगा। उन दिनों वे उस शहर के सरकारी अस्पताल में कार्यरत थे। जब मैं उनसे मिला, तो उन्होंने पिताश्री के अनेकों टेस्ट करवाए और मुझे बताया कि बहुत देर हो चुकी है, इन्हें बचाया तो नहीं जा सकता, मगर फिर भी मैं कोशिश करूंगा कि इनकी शेष जिंदगी कष्टकारी न हो।

मैंने तुरंत अपने पिताजी को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। उसी हॉस्पिटल में डॉक्टर कंग के पिताजी भी भर्ती थे। उनका कमरा मेरे पिताजी के कमरे के बिल्कुल साथ था। डॉक्टर कंग यूँ तो हर मरीज का ध्यान रखते थे और सदैव अपने होंठों पर एक मधुर मुस्कान लिए हुए मिलते थे, मगर अपने व मेरे पिताजी का विशेष ध्यान रखते थे। इसे डॉक्टर कंग की विद्वता कहें या ईश्वर का चमत्कार, मेरे पिताजी दिन-ब-दिन स्वस्थ होते गए… पहले हम बच्चों के सहारे बिस्तर से जमीन पर खड़े हुए… फिर वॉकर के सहारे दो कदम चले… फिर लाठी का सहारा लेकर चलने लगे… फिर वह दिन भी आया जब वे स्वयं अपने पैरों पर चलकर घर पहुंच गए।

इस घटना के बाद लगातार तीन साल तक उनका असीम स्नेह हमें मिलता रहा। अंततः एक दिन ऐसा भी आया, जब वे सारी मोह-माया को छोड़कर सदा-सदा के लिए अंतर्ध्यान हो गए। उनके स्वर्गवासी हो जाने के बाद मन में आया कि यह सूचना डॉक्टर साहब को अवश्य देनी चाहिए, अतः मैं डॉक्टर कंग से मिलने उनके अस्पताल गया। उन्होंने दुख जताते हुए अपनी संवेदना प्रकट की। मैंने फिर भी दिल की गहराई से उनका आभार प्रकट करते हुए कहा कि मेरे पिताजी के बारे में तो कई साल पहले ही डॉक्टरों ने बता दिया था कि उनका समय खत्म हो चुका है, मगर यह तो आपकी मेहरबानी हो गई कि हम लोग इतने साल और उनके साथ रह लिए। डॉक्टर कंग ने हंसते हुए जवाब दिया, “आपको याद होगा, जिन दिनों आपके पिताजी अस्पताल में दाखिल थे, उन दिनों मेरे पिताजी भी उसी अस्पताल में दाखिल थे। मैं एक डॉक्टर भी था और उनका पुत्र भी, आप अंदाजा लगा सकते हो कि मैंने उनकी सेवा-सुरक्षा में कोई कमी नहीं रखी होगी। मगर फिर भी मैं उन्हें न बचा सका और उन्हें इतना मौका भी नहीं मिला कि वे अस्पताल से घर वापस जा सकें, जबकि आपके पिताजी स्वास्थ्य-लाभ प्राप्त कर न केवल अपने घर चले गए, बल्कि आप लोगों को तीन साल तक और उनका साथ मिला।” डॉक्टर कंग थोड़ी देर के लिए रुके और फिर ठंडी आह भरकर कहने लगे, “प्रोफेसर साहब, मैं सिर्फ दवाई देता हूँ, इलाज तो वही ऊपर वाला करता है।”

पति-परमेश्वर : कहानी

Sponsored

Daily News Bulletin

Nurturing Creativity – Keekli Charitable Trust, Shimla

Previous article

Related articles

This Day In History

1966 India observes the formal birth of National Press Day alongside the Press Council of India, cementing a commitment...

Today, 16 Nov, 2026 : National Press Day

National Press Day, observed annually on November 16, commemorates the establishment of the Press Council of India in...

Grassroots Sports and Youth Parliaments Drive Nasha Mukt Abhiyan

Blending grassroots athletics with community dialogue, Mera Yuva Bharat (MY Bharat) under the Ministry of Youth Affairs and...

India, Belarus Ink Science Pact to Drive Joint Innovation

India and Belarus gave a fresh push to bilateral science and technology cooperation today with the signing of...