ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने रविवार को ग्राम पंचायत गुम्मा (विकास खंड मशोबरा) में आयोजित दो दिवसीय गुम्मा मेले के समापन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुम्मा मेला अब खंड स्तरीय मेला घोषित किया जाएगा, जिसकी अधिसूचना दो माह के भीतर उपायुक्त कार्यालय द्वारा जारी कर दी जाएगी।
मंत्री ने गुम्मा में 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से नया पंचायत भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस भवन में पुस्तकालय केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर, बैठक कक्ष, प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक के कार्यालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGYSY) फेज-4 के तहत बल्देया से मानड़ सड़क का निर्माण 13 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसके लिए मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में गुम्मा पंचायत में 52.95 लाख रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं, जबकि 6 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
मंत्री ने कहा कि हाल की आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों पर डंगे लगाने का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में 5 करोड़ रुपये की लागत से डंगे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र की सड़कों की मेटलिंग का कार्य आगामी 15 दिनों में शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने पुराने पंचायत भवन की मरम्मत हेतु 3 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने देवता बथीनदलू महाराज के मंदिर में शीश नवाया। मेला कमेटी की ओर से उन्हें शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। स्थानीय स्कूलों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
मंत्री ने तीनों स्कूलों के बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मेला कमेटी अध्यक्ष मदन ने बताया कि गुम्मा मेला पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से आयोजित किया जा रहा है और यह क्षेत्र की संस्कृति और लोक परंपरा का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। मेले के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई राह बना रही सरकार : शिक्षा मंत्री



