पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में आज बचत भवन में सद्भावना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, शांति और सद्भाव की शपथ दिलवाई।
उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को हर वर्ष सद्भावना दिवस मनाया जाता है, जो राजीव गांधी के विचारों और कार्यों को समर्पित होता है। इस दिन का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है—यही राजीव गांधी के जीवन का मूल संदेश था।
देवी चंद ठाकुर ने कहा कि राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने 1984 में मात्र 40 वर्ष की आयु में नेतृत्व संभाला। उनके कार्यकाल में शिक्षा, तकनीकी विकास और आर्थिक सुधारों की दिशा में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की। उन्होंने कंप्यूटर क्रांति की नींव रखी और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 के माध्यम से उच्च शिक्षा को मजबूती प्रदान की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।