उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित राष्ट्रीय संकल्प दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय संकल्प दिवस की शपथ दिलाई।
राष्ट्रीय संकल्प दिवस, इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। वे देशभक्ति और दृढ़ संकल्प की प्रतीक थीं। उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध सशक्त आवाज उठाई और देश की सुरक्षा के लिए कठोर निर्णय लेने से कभी नहीं हिचकिचाईं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी को ‘भारत रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया गया था। उनके नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए और साहसिक नीतिगत निर्णय लिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचलवासी इंदिरा गांधी को विशेष रूप से इसलिए याद करते हैं क्योंकि वर्ष 1971 में उनके प्रयासों से हिमाचल प्रदेश को एक पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को विश्वभर में ‘आयरन लेडी’ के नाम से जाना जाता था।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पटेल जी ने देश की एकता में जो योगदान दिया, वह अतुलनीय है। उन्होंने बताया कि 1 से 15 नवम्बर तक गुजरात में सरदार पटेल की स्मृति में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 4 नवम्बर को हिमाचल प्रदेश को भी भाग लेने का अवसर मिला है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और वे स्वयं भाग लेंगे।


