उमंग फाउंडेशन ने अपने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत भट्टाकुफर स्थित संजय वन में 100 से अधिक पौधे रोपे। इस विशेष कार्यक्रम का नेतृत्व दिव्यांग युवाओं ने किया, जिसमें दृष्टिबाधित असिस्टेंट प्रोफेसर एवं भारतीय चुनाव आयोग की ब्रांड एंबेसडर मुस्कान नेगी और व्हीलचेयर यूजर एवं ग्राफिक डिज़ाइनर मुकुल जिष्टू ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने की। उमंग फाउंडेशन के ट्रस्टी और संयोजक विनोद योगाचार्य ने बताया कि देवदार, बान, मोहरू, जामुन और दाड़ू जैसे पौधों को लगाकर ‘माँ’ और ‘धरती माँ’ को नमन किया गया। वन विभाग से द्रौपदी वर्मा ने इस प्रयास में सक्रिय सहयोग दिया।
अभियान में आर्किड होटल के महाप्रबंधक महेंद्र रावत सहित होटल स्टाफ – सतीश चौहान, सुदर्शन ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, कमलेश कुमार, पूर्ण प्रकाश, प्रकाश चंद, और पवन कुमार – ने भी भाग लिया।
विनोद योगाचार्य ने बताया कि उमंग फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से मानसून के मौसम में पौधारोपण करता आ रहा है और अब तक शिमला व आसपास के क्षेत्रों में हजारों पौधे लगाए जा चुके हैं। इस अभियान में फाउंडेशन अध्यक्ष प्रो. अजय श्रीवास्तव, अभिषेक भागड़ा, रीता ठाकुर, नेहा चौहान, वंदना, रमण, गोपाल ठाकुर और विशाल ठाकुर ने भी भागीदारी निभाई।
यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है, बल्कि दिव्यांगजनों के नेतृत्व की एक सकारात्मक मिसाल भी प्रस्तुत करता है।