पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आधुनिक और तकनीक-आधारित प्रशिक्षण देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को मशोबरा स्थित राज्य पंचायत संसाधन केंद्र (SPRC) में ₹33 लाख की लागत से तैयार अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस परियोजना की तेज़ गति की सराहना करते हुए मंत्री ने बताया कि स्टूडियो का निर्माण कार्य नवंबर 2025 में शुरू हुआ था और मात्र आठ महीनों के रिकॉर्ड समय (अगस्त 2026) में इसे पूरा कर लिया गया। यह स्टूडियो राज्य स्तर पर एक केंद्रीय ‘डिजिटल लर्निंग और कम्युनिकेशन हब’ के रूप में कार्य करेगा, जिससे ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक प्रशिक्षण सामग्री का प्रसार सहज हो जाएगा।
डिजिटल स्टूडियो के माध्यम से पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारियों और प्रतिनिधियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली ई-लर्निंग सामग्री, वेबिनार, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, ऑनलाइन प्रशिक्षण और विशेषज्ञ वार्ता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया व आधिकारिक वेबसाइटों के लिए पेशेवर ऑडियो-विजुअल कंटेंट भी तैयार होगा।
उद्घाटन के दौरान पंचायती राज मंत्री ने स्टूडियो के उपकरणों व गुणवत्ता का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में मौजूद प्रशिक्षुओं से बातचीत कर प्रशिक्षण व्यवस्था पर उनके सुझाव भी सुने। मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने विश्वास जताया कि इस तकनीकी पहल से ग्रामीण विकास के कार्यों को नई गति और पारदर्शिता मिलेगी।
पारदर्शी चुनाव के लिए ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त



