हिमाचल प्रदेश में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग लगातार प्रयासरत है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए विभाग द्वारा राज्य के शिमला, सोलन, कुल्लू, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में पांच अत्याधुनिक ‘मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी’ (MFTL) वैन संचालित की जा रही हैं। संयुक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा)-सह-निदेशक जितेंद्र सांजटा (IAS) ने बताया कि इन वैन के माध्यम से आम जनता और कारोबारियों को मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने की सुविधा दी जा रही है।
इन मोबाइल वैन में खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई प्रमुख मानकों की जांच त्वरित रूप से की जाती है। इनमें खाने के तेल की गुणवत्ता (TPC व एसिड वैल्यू), पानी का pH स्तर, आयोडीन, स्टार्च और TSS (टोटल सोल्यूबल सॉलिड्स) व शुगर की मौके पर जांच शामिल है। इस पहल से प्रदेश में फील्ड स्तर पर सैंपलिंग प्रक्रिया में तेजी आई है और अब तक कुल 1,579 सैंपल एकत्र किए गए हैं। इनमें सोलन से 520, सिरमौर से 511, बिलासपुर से 486 और कुल्लू से 62 नमूने शामिल हैं।
जितेंद्र सांजटा ने जनता से “स्वस्थ हिमाचल के लिए सुरक्षित भोजन” के लक्ष्य को हासिल करने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि MFTL वैन के जिला-वार रोस्टर और जांच शिविरों की जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा, खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत या किसी भी जानकारी के लिए आम नागरिक FSSAI के हेल्पलाइन नंबर 76499-00015 पर सीधा संपर्क कर सकते हैं।


