ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में 230 सड़कों के लिए एफआरए मंजूरी प्रक्रिया तेज़ी से जारी है, जिनमें से 70 सड़कों को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण की जाएगी ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
ठूंड गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया कि सतलाई पंचायत में ₹50.75 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने ठूंड सड़क मार्ग पर पुल निर्माण और स्टेज निर्माण के लिए ₹3 लाख की घोषणा की। साथ ही, ठूंड महिला मंडल को ₹2 लाख और ठूंड व पझोली घाटी में वर्षा शालिका निर्माण की घोषणा भी की।
पीरन क्षेत्र में मंत्री ने कहा कि शिली–बेहराधार, खालटू–तराई, और पीरन–दीयोठी सड़कों को अगले एक महीने में एफआरए मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने पीरन में नए पंचायत घर के निर्माण के लिए ₹1.14 करोड़ की योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके लिए ₹25 लाख पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं। आंजी में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु ₹3 लाख देने की घोषणा भी की गई।
दीयोठी में आयोजित सभा में अनिरुद्ध सिंह ने महिला मंडल को ₹50 हजार देने की घोषणा की। वहीं, सतलाई पंचायत में ₹1.14 करोड़ की लागत से नया पंचायत घर बनाया जाएगा, जिसमें पुस्तकालय, मीटिंग हॉल और सामुदायिक भवन की सुविधा होगी। उन्होंने चिखड़ मंदिर सराय के लिए ₹2 लाख, महिला मंडल को ₹1 लाख, तथा सतलाई–करमोड़ थ्री फेस लाइन बिछाने की घोषणा की।
मंत्री ने कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र में पिछले दो दशकों में बनी अधिकांश सड़कों के पीछे उनके प्रयास रहे हैं। उन्होंने लोगों से गिफ्ट डीड पूरी करने की अपील करते हुए कहा कि इससे सड़कें पक्की करने में आसानी होगी और ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 19 नए पंचायत घर बनाए जा रहे हैं तथा चीखड़ में खेल स्टेडियम निर्माण की औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं, जिसके लिए ₹35 लाख पहले ही जारी किए गए हैं। उन्होंने सतलाई और कटिया मजार में नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा गिरी खड्ड से कायल तक पेयजल योजना को विधायक प्राथमिकता में शामिल करने की घोषणा भी की।



