पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य केवल केंद्र सरकार के सहयोग से ही संभव हो पा रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसके लिए एक बार भी केंद्र का आभार व्यक्त नहीं कर रहे हैं। हमीरपुर से जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर जगह केंद्रीय योजनाओं और बजटीय मदद के सहारे ही अपनी राजनीति चमकाने में लगे हुए हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सड़कों के निर्माण, रखरखाव और बुनियादी ढांचे के लिए अरबों रुपये का बजट सीधे केंद्र से स्वीकृत हो रहा है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री उद्घाटन और शिलान्यास की पट्टिकाएं लगाकर क्रेडिट ले रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को शिलान्यास से आपत्ति नहीं है, परंतु मुख्यमंत्री को इस खुले दिल से मिल रही आर्थिक मदद के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद करना चाहिए। रामपुर में जिन 232.93 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के दावे किए जा रहे हैं, उनका शत-प्रतिशत पैसा केंद्र से ही मिला है और इसके लिए शिमला के सांसद सुरेश कश्यप ने प्रयास किए थे।
राज्य की आर्थिक बदहाली पर चिंता जताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार की स्थिति इतनी दयनीय है कि वह धर्मशाला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए आवश्यक 30 करोड़ रुपये और रेलवे परियोजनाओं के लिए अपना 10 प्रतिशत का शेयर तक नहीं दे पा रही है। पिछले चार वर्षों से खस्ताहाल सड़कों का सुधार भी अब केंद्रीय सहायता से ही मुमकिन हो पाया है। पूरे राज्य में बिछ रहा फोरलेन का नेटवर्क पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात दे रहा है, जिससे रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं। हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से हुई बैठक का हवाला देते हुए जयराम ठाकुर ने बताया कि केंद्र हिमाचल की सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर सीधी नजर बनाए हुए है।
CM Sukhu Delivers Massive Rural Development Package in Shimla District


