शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने जुब्बल-कोटखाई दौरे के दौरान पंन्द्राणु पंचायत को 1.74 करोड़ रुपये की लागत से बने नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात दी है। इस पीएचसी के शुरू होने से न सिर्फ स्थानीय लोगों, बल्कि उत्तराखंड और चौपाल उप-मंडल के दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को भी घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस दौरान उन्होंने पब्बर वैली यूथ क्लब द्वारा आयोजित “शान ए देवघार” वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में भी शिरकत की। युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि पहाड़ के इस चहेते खेल से शिमला ने देश-दुनिया को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं। नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए ऐसे खेल आयोजन बेहद जरूरी हैं। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय युवक मंडल को प्रोत्साहन के तौर पर 50,000 रुपये देने की घोषणा की और फाइनल मुकाबले में उतरी टीमों से मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
क्षेत्र के विकास पर बात करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि पिछले 4 सालों में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में विकास ने रफ्तार पकड़ी है। इलाके में 206 नई सड़कें बनी हैं और करीब 850 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य जारी हैं, जो इस साल के अंत तक 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लेंगे। अकेले किरण क्षेत्र में ही लगभग 2 करोड़ की लागत से 6 नई सड़कें तैयार की गई हैं। सरकार खेल और शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिसके तहत पूरे प्रदेश में खेल हॉस्टल बढ़ाए गए हैं और डाइट मनी भी 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये कर दी गई है।


