भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की टीम ने संजौली, ढली, मशोबरा और कामधेनु (हाईकोर्ट परिसर) में मिठाई की दुकानों और स्टालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संजौली में 33 किलोग्राम खराब मिठाइयों को नष्ट किया गया।
फेंकी गई मिठाइयों में 10 किलो पेठा, 10 किलो गुलाब जामुन, 12 किलो रसगुल्ले और 1 किलो चमचम शामिल थीं। मिठाइयों की गुणवत्ता मानकों पर खरी न उतरने के कारण इन्हें तुरंत मौके पर ही नष्ट किया गया।
इसी क्रम में, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा के नेतृत्व में एक अन्य टीम ने शोघी बाजार में मिठाई की दुकानों पर छापा मारा और सैंपल एकत्र किए।
इस निरीक्षण अभियान में फ़ूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. सुनील शर्मा और उनके सहयोगी चरण दास भी शामिल थे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारी सीजन में मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना है, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त मिठाई उपलब्ध हो सके।



