अगर आप शिमला में एक अच्छी नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो जिला रोजगार कार्यालय आपके लिए बेहतरीन अवसर लेकर आया है। शहर की दो नामी निजी कंपनियों में कुल 56 पदों को भरने के लिए 6 और 7 नवंबर को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी प्रवीन नगराइक ने जानकारी दी कि इच्छुक और योग्य युवा निर्धारित तिथि पर अपने बायोडाटा (रिज्यूमे) और शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ इन इंटरव्यू में सीधे भाग ले सकते हैं।
पहला कैंपस इंटरव्यू 6 नवंबर को प्रातः 10 बजे महिंद्रा हॉलीडेज एंड रिसॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड, मशोबरा में आयोजित होगा। इस दौरान हाउसकीपिंग के 3 और इलेक्ट्रीशियन के 3 पदों समेत कुल 6 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 18 से 27 वर्ष की आयु के पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार पात्र होंगे। हाउसकीपिंग के लिए 12वीं या स्नातक और इलेक्ट्रीशियन के लिए आईटीआई डिप्लोमा होना ज़रूरी है, जिसमें चयनित युवाओं को 14 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। किसी भी जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7018219204 पर संपर्क किया जा सकता है।
दूसरा इंटरव्यू 7 नवंबर को सुबह 10 बजे जिला रोजगार कार्यालय परिसर (यूएस क्लब, शिमला) में आयोजित किया जाएगा। यहाँ आईसीआईसीआई बैंक (NIIT IFBI) में रिलेशनशिप मैनेजर के 50 पदों पर केवल पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए 21 से 25 वर्ष की उम्र और किसी भी विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन होना अनिवार्य है। चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग शिमला में ही होगी और उन्हें 26 हजार रुपये प्रतिमाह का आकर्षक वेतन मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9530525924 पर कॉल कर सकते हैं।
इन इंटरव्यूज में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थियों का नाम राज्य के रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकृत होना अनिवार्य है। जिन युवाओं का पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, वे विभागीय पोर्टल eemis.hp.gov.in पर जाकर घर बैठे तुरंत अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। रोजगार अधिकारी ने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस रोजगार अवसर का पूरा लाभ उठाएं।


