लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज टूटू और मज्याठ क्षेत्रों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान तवी मोड़ पर स्थानीय लोगों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया और चौक निर्माण की मांग रखी।
मंत्री ने मौके पर एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौक के मध्य गुमटी बनाई जाए और वहां साइनेज स्थापित किए जाएं ताकि वाहन चालकों को सही दिशा की जानकारी मिल सके। उन्होंने तवी मोड़ से एनएच तक निर्माणाधीन ड्रेन कार्य का भी जायजा लिया और बारिश के मौसम में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।
न्यू टूटू में बिजली बोर्ड कार्यालय के पास प्रस्तावित पार्किंग स्थल को लेकर मंत्री ने बोर्ड अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा। वहीं, आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर के लिए उपयुक्त भूमि चयन पर विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उन्होंने राजस्व विभाग को शीघ्र भूमि निर्धारित करने के निर्देश दिए।
विक्रमादित्य सिंह ने टूटू में प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर-कम-पार्किंग प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को इसका नक्शा तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने मज्याठ रेन शेल्टर, विजयनगर से शिवनगर मार्ग, और तवी से मज्याठ मार्ग की स्थिति की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि टूटू और मज्याठ वार्ड उनके विधानसभा क्षेत्र में आते हैं और इन इलाकों में कई करोड़ रुपये के विकास कार्य जारी हैं। मंत्री ने बताया कि टूटू में बहुमंजिला पार्किंग का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
स्थानीय लोगों द्वारा एसडीओ कार्यालय के समीप पार्किंग की मांग पर उन्होंने कहा कि नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद इस परियोजना को शीघ्र पूरा किया जाएगा।



