जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को फागू स्थित ईवीएम वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में तैनात सुरक्षा बलों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अग्निशमन तंत्र और आगंतुक (इन्ट्री-एग्जिट) रजिस्टर की गहन जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की नींव ईवीएम की पुख्ता सुरक्षा पर टिकी है। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः एवं कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।



