सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने प्रदेश के सभी 8.31 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों के लिए दस्तावेज सत्यापन (ई-केवाईसी) की अंतिम तिथि 30 सितम्बर, 2025 निर्धारित की है। सत्यापन न होने की स्थिति में पेंशन वितरण प्रभावित हो सकता है।
यह विशेष सत्यापन अभियान ई-कल्याण मोबाइल ऐप के माध्यम से चलाया जा रहा है, जिसमें जिला, तहसील, पंचायत और आंगनवाड़ी स्तर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आधार कार्ड, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और पूर्ण स्थायी पते सहित पेंशनरों की नवीनतम जानकारी की पुष्टि कर रही हैं।
विभागीय प्रवक्ता के अनुसार, अधिकतर पेंशनरों का सत्यापन कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष बचे पेंशनरों से समय रहते दस्तावेज सत्यापित कराने की अपील की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन न होने पर विभाग के नए पोर्टल से पेंशन वितरण में बाधा आ सकती है।
इस प्रक्रिया में निम्न योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल किया गया है:
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन
-
वृद्धावस्था पेंशन
-
विधवा/परित्यक्ता/एकल नारी पेंशन
-
दिव्यांग राहत भत्ता
-
कुष्ठ रोगी भत्ता
-
ट्रांसजेंडर पेंशन
विभाग ने सभी पात्र पेंशनरों से अपील की है कि वे 30 सितम्बर, 2025 से पूर्व अपने दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करवा लें ताकि पेंशन वितरण में किसी प्रकार की रुकावट न हो।



