ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने अपने ढली प्रवास के दौरान क्षेत्र के लिए कई विकास योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ढली पंचायत के लिए नया पंचायत भवन ₹1.14 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण के लिए भूमि चयन और अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं।
मंत्री ने ढली पंचायत के तहत करोड़ों रुपए की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें मशोबरा से धनी सड़क के लिए ₹40 लाख, धनैन से पंजोग सड़क के लिए ₹50 लाख, टीला से बढ़फर के लिए ₹20 लाख, और चाईना से बढ़फर सड़क शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जब वे पहली बार विधायक बने थे, तब कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतें सड़क सुविधा से वंचित थीं, लेकिन अब लगभग हर गांव सड़क से जुड़ चुका है।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में 225 के करीब सड़कें संचालित हैं, और कई सड़क परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं। बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए 7 नए ट्रांसफॉर्मर भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में संतुलित और समावेशी विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्थानीय लोगों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने ढाणी में सराय निर्माण हेतु ₹3 लाख और धनेन महिला मंडल को ₹2 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मॉडर्न एजुकेशन हाई स्कूल मशोबरा के 30वें वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार और करियर मार्गदर्शन भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने स्कूल को विधायक निधि से ₹50,000 की सहायता देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें पहाड़ी, पंजाबी, किन्नौरी और हरियाणवी नृत्य शामिल रहे। विभिन्न कक्षाओं के बच्चों ने समूह गीत, रैप और पारंपरिक गीतों पर प्रदर्शन कर तालियां बटोरीं।
खेल और शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कारों से नवाजा गया। बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर श्रेय शांडिल और बेस्ट टीचर्स सुनीता कश्यप और पूजा कश्यप रहीं। कबड्डी व जूडो में राज्य स्तर पर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।




