शिमला समर फेस्टिवल-2026 के तहत इस वर्ष पहली बार एंटी चिट्टा अंडर-21 अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप (बॉयज) का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु 05 जून 2026 को एम.सी ग्राउंड, संजौली में सुबह 10 बजे से चयन परीक्षण आयोजित किए जाएंगे।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए जन्म तिथि का मूल प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य श्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन कर शिमला जिले की तीन वॉलीबॉल टीमें तैयार करना है, जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल वे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनका जन्म 01 जनवरी 2006 या उसके बाद हुआ है। चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और नशे से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है।
पंकज शर्मा ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को नशे, विशेषकर ‘चिट्टा’ जैसे घातक पदार्थों से दूर रखने और जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी चिट्टा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता को 50 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली पांच टीमों को 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं सर्वश्रेष्ठ अटैकर, ब्लॉकर, सेटर और लिबेरो को 5-5 हजार रुपये तथा स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों को यात्रा भत्ता, दैनिक भत्ता एवं आवास सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Shimla Summer Festival 2026: A Grand Celebration of Culture and Heritage



