जिला शिमला के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों एवं उप-प्रधानों के लिए सोमवार को पीटरहॉफ में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की, जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नवनिर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं विकासोन्मुख कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा वे ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं।
उन्होंने बताया कि 27 जून, 2026 को सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी पंचायतों को आदर्श पंचायत बनाने और विकसित हिमाचल के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है, इसलिए गांवों का मूलभूत सुविधाओं सहित समग्र विकास सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने जानकारी दी कि 16वें वित्त आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के विकास के लिए लगभग 3,744 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसका उपयोग पंचायतों में विकास कार्यों पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार भी पंचायतों के सशक्तिकरण और विकास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाएगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पंचायती राज चुनावों में निर्विरोध चुनी गई 137 पंचायतों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रति पंचायत 25 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने सभी प्रधानों और उप-प्रधानों से अपनी पंचायतों में स्वच्छता, नशा निवारण जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और समारोह की कार्यवाही से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।



