मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए प्रदेशव्यापी “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” जन-आंदोलन के तहत नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। STF ने जिला कांगड़ा के मुल्थान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2.044 किलोग्राम अफीम बरामद की है और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 19 जून को STF की टीम बैजनाथ, बीड़ और मुल्थान क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि मुल्थान बाजार में तीन व्यक्तियों के पास भारी मात्रा में अफीम मौजूद है। सूचना के आधार पर STF ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनके सामान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के ट्रैकिंग बैगों में छिपाकर रखी गई 2.044 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
इस संबंध में पुलिस थाना बीड़, जिला कांगड़ा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि नशीले पदार्थ की आपूर्ति और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाइयों का उद्देश्य न केवल नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे या चिट्टा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने में दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और जनसहयोग से प्रदेश को नशा-मुक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।



