भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध साहित्यकार पंडित चंद्रधर शर्मा गुलेरी की राज्य स्तरीय जयंती इस वर्ष 7 जुलाई, 2026 को देव सदन, ढालपुर (जिला कुल्लू) में आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का प्रथम सत्र प्रातः 10:00 बजे लेखक गोष्ठी से आरम्भ होगा, जबकि द्वितीय सत्र में नाटक मंचन एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। लेखक गोष्ठी के दौरान डॉ. दयानंद गौतम ‘पंडित चंद्रधर शर्मा गुलेरी : निबंधकार एवं व्यंग्यकार’ विषय पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे। इसके उपरांत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्यकार इस विषय पर विचार-विमर्श एवं परिचर्चा करेंगे।
इस आयोजन में हिन्दी भाषा एवं साहित्य में रुचि रखने वाले विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। लेखक गोष्ठी के समापन पर विद्यार्थियों को पंडित चंद्रधर शर्मा गुलेरी के व्यक्तित्व एवं साहित्यिक अवदान पर आमंत्रित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त कवि सम्मेलन के दौरान भी विद्यार्थी प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कवियों के साथ साहित्य, कविता एवं सृजनात्मक लेखन से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सकेंगे।
विभाग की निदेशक रीमा कश्यप ने बताया कि पंडित चंद्रधर शर्मा गुलेरी बहुमुखी प्रतिभा के धनी साहित्यकार थे। वे उत्कृष्ट कहानीकार होने के साथ-साथ प्रख्यात निबंधकार, भाषाविद्, कवि, संपादक तथा भारतीय संस्कृति के गहन अध्येता थे। प्राकृत भाषा, बौद्ध दर्शन एवं भाषा विज्ञान पर उनका गहरा अधिकार था। उनका प्रसिद्ध संस्मरणात्मक निबंध ‘सुमिरिनी के मनके’ हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में भी सम्मिलित है।
उन्होंने बताया कि इस राज्य स्तरीय आयोजन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 40 कवि एवं साहित्यकार भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य अभिलेखागार द्वारा ऐतिहासिक एवं दुर्लभ अभिलेखों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी का अवलोकन निकटवर्ती विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित आम नागरिक भी कर सकेंगे तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर से परिचित होने का अवसर प्राप्त करेंगे।



