शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने एक दिवसीय जुब्बल दौरे के दौरान क्षेत्र में ढांचागत विकास को गति देते हुए कई बड़ी सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। उन्होंने ग्राम पंचायत पराली में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड होने वाले खड़ापत्थर-मड़ान संपर्क मार्ग की आधारशिला रखी और 60 लाख रुपये से बनी खड़ापत्थर-पाचड़ा सड़क का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने मंढोल में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित संपर्क मार्ग जनता को समर्पित किया। शिक्षा मंत्री ने बताया कि लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत वाली खड़ापत्थर-पटसारी सड़क का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 215.756 किलोमीटर लंबी 186 नई सड़कों की सफल पासिंग हुई है, जिसमें जुब्बल में 87.660 किमी, कोटखाई में 84.196 किमी और टिक्कर में 43.900 किमी सड़कें शामिल हैं। पहाड़ी और बागवानी बहुल क्षेत्रों के लिए सड़कों को विकास की लाइफलाइन बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे सेब और अन्य फसलों को मंडियों तक समय पर पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस क्षेत्र में सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि जुब्बल के डकैड़ में 20 करोड़ रुपये की लागत से राज्य स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) का निर्माण तेजी से चल रहा है। यह संस्थान न केवल हिमाचल बल्कि देशभर के शिक्षकों के लिए एक प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र बनेगा, जिससे प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।



